Advertisement
मध्यप्रदेश में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ आ गयी। जिसे लेकर मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा की,भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के बाद जिन खेतों, घरों में पानी घुसा, फसलें बर्बाद हुई तथा कच्चे घरों और सामान का नुकसान हुआ है, उन्हें राहत राशि दिलवाई जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज बुधवार को बीना रिफाइनरी हेलीपंड पर पहुँचने के बाद विदिशा जिले के कुरवाई स्थित बाढ़ आपदा केंद्र पहुंचे जहाँ मेंउन्होंने ग्रामीणों को संबोधित किया। चौहान ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के तत्काल बाद नुकसान का सर्वे करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज ने बाढ़ प्रभावितों से कहा कि जिनके घर गिर गए हैं, उनको घर निर्माण के लिए भी राशि दिलाई जाएगी। जिनकी घर - गृहस्थी का सामान बह गया है और अनाज का नुकसान हुआ है, उन्हें भी पूरी मदद दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि वे चिंता न करें बाढ़ पीड़ितों को संकट के पार निकाल कर उनकी हर संभव मदद की जाएगी। बाढ़ का पानी उतरने के बाद पूरी पारदर्शिता के साथ सर्वे होगा। सर्वे की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करवाई जाएगी। किसी को आपत्ति होने पर उसकी सुनवाई भी होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आपदा में कोई मतभेद या भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी को मिल कर विषम परिस्थिति का सामना करना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने युवा मोर्चा, सामाजिक संस्थाओं और जन-प्रतिनिधियों का सहयोग देने के लिए आभार भी माना।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |