Advertisement
मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश में वेदों की पढ़ाई के लिए जल्द ही वेद विद्यालयों की स्थापना करेगी। इसके लिए धार्मिक न्यास और धर्मस्व मंत्री के साथ हुई अफसरों की बैठक के बाद विद्यालय स्थापना के लिए जिलों के चयन की कार्रवाई करने के लिए कहा गया है ताकि मंत्रिपरिषद में प्रस्ताव लाया जाकर इसे स्वीकृति दिलाई जा सके।
धार्मिक न्यास और और धर्मस्व विभाग द्वारा संस्कृत विद्यालयों को बढ़ावा देने के साथ चारों वेद ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्व वेद की पढ़ाई के लिए वेद विद्यालय खोलने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया इसको लेकर विभाग के अफसरों से बैठक कर चुकी हैं। सूत्रों के अनुसार सरकार चाहती है कि संस्कृत को बढ़ावा मिले और लोग वेदों में बताई गई खूबियों को अपने जीवन में उतारें। इसमें संस्कृत के माध्यम से ज्ञान, कर्म, उपासन और विज्ञान को लेकर बताई गई बातों का अध्ययन करें। इसके लिए वेद विद्यालय जरूरी है।
सरकार तलाश रही स्थान
वेद विद्यालय के लिए अभी तक जिले और स्थान का चयन नहीं हुआ है पर सूत्रों का कहना है कि मंत्री सिंधिया इसको लेकर गंभीर हैं। इसलिए उन्होंने बीते दिनों हुई मीटिंग में एक बार फिर इस एजेंडे पर अफसरों का ध्यान आकृष्ट किया। सरकार ने संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए संस्कृत संस्थान पहले ही खोल रखा है और कई जिलों में संस्कृत बोर्ड के माध्यम से परीक्षाएं कराकर डिग्री दी जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |