Advertisement
इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रहे देवास जिले के एक छात्र से पांच अन्य छात्रों ने बुरी तरह मारपीट की है। मोबाइल चोरी की आशंका में उसके हाथ-पैर बांधकर गैस नली और बेल्ट से मारा गया है। पीठ और पैर पर मारपीट के गहरे निशान हैं। पुलिस ने पांच लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। भंवरकुआं थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि कन्नौद का रहने वाला 18 वर्षीय मोहित सिसोदिया ने शिकायत दर्ज कराई है। वह बीकॉम का छात्र है। उसने बताया कि पंकज जाट का रविवार को मोबाइल चोरी हो गया था। उसे शक था कि उसका मोबाइल मैंने लिया है। 15 जून को पंकज जाट, पीयूष जाट और उनके अन्य साथियों ने उस पर पहले तो मोबाइल चोरी का आरोप लगाया फिर पूछताछ के बहाने कमरे में बंद किया और हाथ-पैर बांधकर मारा। उसे गैस नली, बेल्ट आदि से बेरहमी से पीटा गया है। युवक की पीठ और पैर पर चोट के निशान पाए गए हैं। मोहित ने बताया कि मुझे इतना मारा गया कि मैं बेहोश हो गया था। बाद में आरोपियों ने मुंह पर पानी डाला और होश में लाए। होश आने पर मुझे कमरे से बाहर निकाल दिया और सभी फरार हो गए। इसके बाद मैं थाने पहुंचा। थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि घटना चितावद पेट्रोल पंप के पास की है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |