Advertisement
इंदौर। शहर के छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन में मंगलवार देर रात शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को पुलिसकर्मियों और महिलाओं के बीच विवाद हो गया। इसमें पुलिसकर्मियों द्वारा महिलाओं से मारपीट का आरोप है। परिजनों का कहना है कि अब पुलिस अधिकारी मामले को दबाने के साथ ही मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों को बचाने के प्रयास में हैं। आरोप यह भी है कि पुलिसकर्मियों ने शादी समारोह में पहुंचकर वहां आए मेहमानों के साथ बद्सलूकी और मारपीट भी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात को छत्रीपुरा क्षेत्र की पुलिसलाइन में डीजे बजाने को लेकर पुलिसकर्मियों का विवाद और महिलाओं के साथ मारपीट हो गई थी। इसमें चार महिलाएं घायल हो गई। पुलिसकर्मियों ने चार महिलाओं- ज्योति बड़ेले, हेमा सोनरे, किरण, भूमि नरेडिया के साथ मारपीट की थी। इसके बाद पीड़ित महिलाओं के साथ जोशी मोहल्ला के रहवासी पुलिस थाने में रिपोर्ट लिखाने के लिए पहुंचे। मामले में परिजनों के अनुसार उच्च अधिकारी मामले में रिपोर्ट नहीं करने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही क्रॉस कंप्लेंट की बात कह रहे हैं।
पीड़ित पक्ष का यह भी कहना है कि घटना में शामिल तीन पुलिसकर्मी शराब पिए हुए थे। दूल्हे के भाई मनोज ने बताया कि शादी में डीजे बज रहा था तो यह पुलिसकर्मी पहले रात आठ बजे के करीब आए और डीजे बंद करने के लिए कहा। उनसे जब कहा गया कि प्रशासन से 11 बजे तक की अनुमति है तो उसके पहले बंद कर देंगे। इसके बाद वह चले गए। दोबारा 10.30 बजे के करीब फिर आए और वायर खींचकर स्पीकर बंद कर दिया। बाद में स्पीकर खींच लिया और दो हजार रुपये की मांग करने के साथ ही मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं के साथ भी मारपीट की। मेहमानों के लिए बनाया खाना भी फेंक दिया। घटना को लेकर भाजपा पिछड़ा मोर्चा के नगर महामंत्री जीतू कुशवाह और धानक समाज के लोगों ने प्रशासन को हिदायत दी कि यदि मामले में क्रॉस कंप्लेंट हुई तो इसकी शिकायत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक जाएगी। साथ ही इन्होंने आंदोलन करने की धमकी भी दी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |