Advertisement
आलीराजपुर। बारातियों से भरा एक लोडिंग वाहन सोमवार रात को चंद्रशेखर आजादनगर के समीप पुलिया से नीचे जा गिरा। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं 20 से अधिक घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार चंद्रशेखर आजादनगर अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झाबुआ जिले के पारा के पास ग्राम भूतखेड़ी से बाराती पिकअप वाहन में चंद्रशेखर आजादनगर आ रहे थे। रास्ते में ग्राम करेटी में वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरा। इससे लाला पिता दितिया उम्र 60, प्रकाश पिता हाबू 20 और अंकेश पिता मगनसिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वाहन में सवार 20 अन्य लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े तथा 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल आजादनगर लाया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, जोबट एसडीओपी नीरज नामदेव, एसडीएम किरण आंजना सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंच गए। कलेक्टर ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। घायलों ने बताया कि वाहन तेज गति से जा रहा था। ग्राम करेटी में पुलिया पर एकाएक अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा।
गौरतलब है कि सोमवार तड़के ही गुजरात के पावी जैतपुर में लोडिंग वाहन पलटने से आलीराजपुर के दो व्यापारियों की मौत हो गई थी। वहीं, देर रात आजादनगर के पास यह हादसा हो गया। एक ही दिन में दो हादसों में पांच लोगों की जान चली गई।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |