Advertisement
भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ईश्वर नगर में रविवार सुबह एक महिला का शव उसके घर में संदिग्ध हालत में मिला, जबकि उसके पति का शव उसके पास ही फांसी पर लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई करने के बाद दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू की।
शाहपुरा थाना पुलिस के मुताबिक 35 वर्षीय रंजीता चाकरे गृहिणी थी। उनकी शादी खंडवा निवासी 37 साल के जितेंद्र चाकरे के साथ हुई थी। जितेंद्र निजी काम करता था। दोनों के बीच में घरेलू बातों को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते महिला बार-बार अपने मायके ईश्वर नगर में आ जाती थी। पारिवारिक विवाद के चलते वह सात दिन पहले अपने मायके आ गई थी।
शाहपुरा थाना प्रभारी केपी मिश्रा ने बताया कि दो दिन पहले महिला ने अपने पति को फोन करके भोपाल बुलाया था। रविवार सुबह ईश्वर नगर स्थित घर में महिला की संदिग्ध हालत में लाश मिली और पति का शव फांसी पर लटका मिला है। पुलिस का कहना है कि विवाद में महिला की हत्या हुई है या उसने खुदकुशी की है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल सकता है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस शुरूआती जांच में इसे खुदकुशी मानकर चल रही है। मामले में परिजनों के बयान ले लिए हैं, जिसमें पता चला है कि दोनों के बीच आपसी विवाद होता रहता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |