Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश में वन्यप्राणियों के शिकार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बीती रात भोपाल के बैरसिया रेंज में शिकार की मंशा से जंगल में पहुंचे कुछ शिकारियों की वनकर्मी से झड़प हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलाई गईं। शिकारियों की एक गोली बीट के चौकीदार पर्वत गुर्जर को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद शिकारी मौके से भाग गए।
भोपाल सामान्य मंडल के एसडीओ आरके भदौरिया ने बताया कि शनिवार की रात करीब आठ बजे कुछ अज्ञात तत्व शिकार करने के लिए जंगल में दाखिल हुए थे। तब बीट में चौकीदार पर्वत गुर्जर गश्त कर रहे थे। उन्होंने शिकारियों को देखा तो खदेड़ने की कोशिश की। जिसमें शिकारियों की तरफ से भी विरोध किया गया। इस दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलीं। चौकीदार पर्वत सिंह को जांघ में गोली लगी है। घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल के लिए एक टीम रवाना की गई। रविवार सुबह 4:00 बजे तक क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया गया, लेकिन शिकारी नहीं मिले। उनकी तलाश जारी हैं। मुखबिरों की मदद भी ली जा रही है। हालांकि, क्षेत्र में किसी भी वन्यप्राणी के शिकार के सबूत नहीं मिले हैं।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |