Advertisement
भोपाल । विख्यात संगीतज्ञ मनीषी कुमार गंधर्व की स्मृति में 8-9 अप्रैल को कुमार गंधर्व सम्मान अलंकरण और संगीत समारोह आयोजित किया जायेगा। यह संस्कृति विभाग की उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी, भोपाल द्वारा जिला प्रशासन देवास के सहयोग से मल्हार स्मृति मंदिर, देवास में प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से होगा। समारोह के पहले दिन 8 अप्रैल को राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से कलाकारों को अलंकृत किया जायेगा।
जनसंपर्क अधिकारी अनुराग उइके ने गुरुवार को बताया कि इस समारोह के पहले दिन की शुरुआत दिल्ली की राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से अलंकृत मीता पण्डित के गायन से होगी। इसके बाद कोलकाता की बिम्बावती देवी और साथी मणिपुरी समूह नृत्य प्रस्तुत करेंगे। समारोह के दूसरे और अंतिम दिन सभा की शुरूआत पुणे के अतुल खाण्डेकर के गायन से होगी। शाम की दूसरी प्रस्तुति राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से अलंकृत सुचिस्मिता आचार्य एवं देवोप्रिया रणदिवे-ठाणे के बाँसुरी युगल की होगी। दोनों दिनों की संगीत सभाओं में सहयोगी कलाकार के रूप में तबले पर मिथलेश कुमार झा, गांधार राजहस, रागेन्द्र सिंह सोलंकी, हारमोनियम पर रवि किल्लेदार, दीपक खसरवाल एवं सारंगी पर कमाल अहमद संगत करेंगे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |