Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में बीते 24 घंटों में कोरोना के मात्र 6 नये मामले सामने आए हैं, जबकि 32 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 10 लाख 41 हजार 154 हो गई है। राहत की बात यह है कि राज्य में लगातार चौदहवें दिन कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार देर शाम जारी कोविड-19 बुलेटिन में दी गई। एक दिन पहले भी यहां 11 नये संक्रमित मिले थे।
कोविड-19 बुलेटिन के अनुसार आज प्रदेशभर में 10,380 सैम्पल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें 06 पॉजिटिव और 10,374 निगेटिव पाए गए, जबकि 43 सेम्पल रिजेक्ट हुए। पॉजिटिव प्रकरणों का प्रतिशत (संक्रमण की दर) 0.05 रहा। नये मामलों में इंदौर और कटनी में 2-2 तथा भोपाल और सागर में 1-1 नये संक्रमित मिले हैं, जबकि राज्य के 48 जिलों में आज कोरोना के नये मामले शून्य रहे। राज्य में बीते 24 घंटों में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। यहां 14 दिन से मृतकों की कुल संख्या 10,734 पर स्थिर है।
प्रदेश में अब तक कुल दो करोड़ 88 लाख 86 हजार 021 लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इनमें कुल 10,41,154 प्रकरण पाजिटिव पाए गए। इनमें 10,30,314 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। इनमें से 32 मरीज रविवार को स्वस्थ हुए। अब यहां सक्रिय प्रकरणों की संख्या 132 से घटकर 106 रह गई।
इधर, प्रदेश में 3 अप्रैल को शाम छह बजे तक 2,917 लोगों का टीकाकरण किया गया। इन्हें मिलाकर राज्य में अब तक वैक्सीन के 11 करोड़, 61 लाख, 52 हजार, 972 डोज लगाई जा चुकी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |