Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 26 नये मामले सामने आए हैं, जबकि 26 मरीज ही कोरोना संक्रमण से मुक्त भी हुए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 10 लाख 40 हजार 992 हो गई है। वहीं, राहत की बात यह है कि राज्य में लगातार पांचवें दिन कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार देर शाम जारी कोविड-19 बुलेटिन में दी गई। एक दिन पहले भी यहां 26 नये संक्रमित मिले थे।
कोविड-19 बुलेटिन के अनुसार, आज प्रदेशभर में 21,849 सेम्पलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें 26 पॉजिटिव और 21,823 निगेटिव पाए गए, जबकि 145 सेम्पल रिजेक्ट हुए। पॉजिटिव प्रकरणों का प्रतिशत (संक्रमण की दर) 0.1 रहा। नये मामलों में इंदौर में 9, मंडला में 5, भोपाल, बैतूल, ग्वालियर, झाबुआ और रायसेन में 2-2 तथा सीहोर व श्योपुर में 1-1 नये संक्रमित मिले हैं, जबकि राज्य के 43 जिलों में आज कोरोना के नये मामले शून्य रहे। वहीं, राज्य में बीते 24 घंटों में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। यहां पांच दिन से मृतकों की कुल संख्या 10,734 पर स्थिर है।
प्रदेश में अब तक कुल दो करोड़ 87 लाख 21 हजार 633 लोगों के सेम्पलों की जांच की गई। इनमें कुल 10,40,992 प्रकरण पॉजिटिव पाए गए। इनमें 10,30,126 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। इनमें से 26 मरीज शुक्रवार को स्वस्थ हुए। अब यहां सक्रिय प्रकरणों की संख्या 132 है।
इधर, प्रदेश में 25 मार्च को शाम छह बजे तक 83 हजार, 102 लोगों का टीकाकरण किया गया। इन्हें मिलाकर राज्य में अब तक वैक्सीन के 11 करोड़, 52 लाख, 80 हजार, 031 डोज लगाई जा चुकी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |