Advertisement
भोपाल। राजधानी भोपाल के टीलाजमालपुरा थाना क्षेत्र में बीती देर रात तीन लोगों ने एक महिला के घर में उस पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने घर में घुसते ही महिला पर गोलियां चला दीं। महिला की शिकायत पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, टीलाजमालपुरा में रहने वाली 50 वर्षीय शबनम पत्नी यासिर गृहिणी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे किसी ने नाम चिल्लाना शुरू कर दिया। दरवाजा खोलते ही छोटू नाम का पूर्व परिचित समेत तीन लोग खड़े नजर आए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, उन्होंने गोलियां चलाना शुरू कर दिया। गनीमत रही कि वह बच गई। फायर होते देख अंदर घुसकर दरवाजा बंद कर दिया। आरोपित काफी देर तक हंगामा और गाली-गलौज करते रहे और उसके बाद वहां से फरार हो गए। इसके बाद शबनम ने टीलाजमालपुरा पुलिस थाना पहुंचकर प्रकरण दर्ज कराया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित की बेटी का महिला के बेटे से प्रेम प्रसंग है। दोनों की फोन पर बातचीत होती है। कई दिन से आरोपित शबनम और उसके बेटे को उसकी बेटी से दूर रहने के लिए कह रहे थे। बीती रात भी दोनों के बीच फोन पर बातचीत हो रही थी। आरोपित ने बेटी को फोन पर बात करते देख लिया था। इसके बाद ही उन्होंने शबनम के घर में घुसकर हमला कर दिया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |