Advertisement
भोपाल। राजधानी भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में बीती रात अवैध संबंध के शक में दो युवकों ने चाकू से गला रेतकर एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शबरीनगर छोला मंदिर में रहने वाला गोपाल उर्फ पिंटू (23) पुत्र मंगलसिंह राजपूत खुद का ऑटो चलाता था। दो साल से मोहल्ले में रहने वाली महिला से उसकी करीबी दोस्ती हो गई थी। गोपाल महिला के घर आता-जाता था। फोन पर भी बात करता था। यह बातचीत महिला के 19 साल के बेटे प्रिंस यादव को पसंद नहीं थी। इस बात को लेकर मां-बेटे में विवाद हो गया। उसने मां को सख्त हिदायत दी कि अब गोपाल से बात की तो अंजाम ठीक नहीं होगा।
इसके बाद प्रिंस ने गोपाल को ठिकाने लगाने की साजिश रची। इसके लिए उसने अपनी बुआ के लड़के रितिक उर्फ लिली से संपर्क किया। बुधवार रात करीब आठ बजे दोनों ने गोपाल को शराब पीने के लिए बुलाया। इसके बाद तीनों ने शबरी नगर नाले के पास पहले शराब पी। जैसे ही गोपाल को नशा हुआ, तभी महिला के बेटे उस पर हमला कर दिया। उसने चाकू से गोपाल का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। किसी राहगीर ने उसका खून से सना शव देखा। तब इसकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने गोपाल के शरीर पर करीब छह जगह चाकू मारे। आसपास के लोगों से पूछताछ में आरोपितों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |