Advertisement
भोपाल। राजस्थान एवं उससे लगे गुजरात पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इस क्षेत्र में काफी गर्मी पड़ रही है। वहां से आ रही गर्म हवाओं के कारण राजधानी सहित पूरे मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। हालांकि अभी रात्रिकालीन सर्दी का एहसास बना हुआ है। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात राजधानी भोपाल का पारा 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में दक्षिणी राजस्थान एवं उससे लगे उत्तरी गुजरात पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इस क्षेत्र में तापमान काफी बढ़ा हुआ है। प्रति चक्रवात के असर से गुजरात की तरफ से आ रही गर्म हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। हालांकि रेतीला एवं शुष्क क्षेत्र होने के कारण गुजरात में रात के समय मौसम ठंडा होने लगता है। इस वजह से रात में वहां से आने वाली हवा में ठंडक रहती है। इस वजह से रात के तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो रही है। अभी दो-तीन दिन तक दिन के तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला बना रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
उधर प्रदेश में सबसे अधिक 37 डिग्री सेल्सियस तापमान खंडवा, खरगोन, राजगढ़ एवं नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। सबसे कम 12 डिग्रीसे. तापमान रीवा, मंडला, मलाजखंड, खजुराहो एवं नौगांव में दर्ज किया गया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |