Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश से ठंड लगभग विदा हो चुकी है। दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। लेकिन अलग-अलग स्थानों पर बने चार वेदर सिस्टम से कुछ जिलों में मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में जहां बादल छा सकते हैं, वहीं जबलपुर, शहडोल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। शेष जिलों में तापमान इसी तरह बना रहने की संभावना है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक राजेन्द्रपुरी गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि अफगानिस्तान पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आगे बढक़र उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे उत्तर भारत पर आ गया है। इसके असर से पंजाब पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त पंजाब पर बने प्रेरित चक्रवात से लेकर उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश तक एक ट्रफ (द्रोणिका लाइन) बना हुआ है। इन चार वेदर सिस्टम के कारण हवाओं का रुख भी पश्चिमी बना हुआ है। इस वजह से तापमान बढ़ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से तीन डिग्रीसे.अधिक रहा। जिसके चलते धूप में चुभन महसूस हुई। न्यूनतम तापमान 15 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया। जो सामान्य से एक डिग्रीसे. अधिक रहा।
जारी रहेगा तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के मुताबिक 25 और 28 फरवरी को भी दो अलग-अलग पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने के संकेत मिले हैं। इस वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला अभी जारी रहने के आसार हैं। वर्तमान में सक्रिय चार सिस्टम के असर से गुरुवार को जबलपुर, शहडोल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |