Video

Advertisement


KYC और धान पंजीयन के नाम पर 90 लाख की संपत्ति हड़पने का आरोप, बुजुर्ग महिला ने मांगा न्याय
woman , justice , misappropriating ,₹90 lakh , KYC , paddy registration.

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में एक 87 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने केवाईसी और धान पंजीयन के बहाने करीब 90 लाख रुपये की संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। बेलगहना निवासी बालकुंवर बसोर का दावा है कि एक स्थानीय भाजपा समर्थित पंच ने उनकी आर्थिक और सामाजिक मजबूरी का फायदा उठाते हुए बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए, कृषि भूमि अपने नाम करा ली और परिवार के वाहनों का स्वामित्व भी बदलवा लिया। कार्रवाई नहीं होने से परेशान महिला ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए इच्छामृत्यु की अनुमति तक मांगी है।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने पहले बैंक केवाईसी और अन्य जरूरी कामों में मदद का भरोसा जीतकर उनके दस्तावेजों तक पहुंच बनाई। आरोप है कि दिसंबर 2021 में उनके बैंक खाते से करीब 23 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए गए। इसके बाद धान पंजीयन और सरकारी औपचारिकताओं के नाम पर कई दस्तावेजों पर अंगूठे के निशान लगवाए गए, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर उनकी 6.34 एकड़ कृषि भूमि अपने नाम कराने में किया गया। महिला का यह भी आरोप है कि बीमा और दस्तावेज अपडेट कराने के बहाने उनके दिवंगत बेटे के नाम दर्ज सेंट्रो कार, एक्टिवा और छोटा हाथी वाहन का स्वामित्व भी बदल दिया गया।

लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए बुजुर्ग महिला हाल ही में आईजी कार्यालय पहुंचीं और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद आरोपी फगुन प्रसाद प्रजापति के खिलाफ धोखाधड़ी, छलपूर्वक संपत्ति हड़पने और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब बैंक लेन-देन, जमीन की रजिस्ट्री, राजस्व अभिलेख और वाहन हस्तांतरण से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Priyanshi Chaturvedi 16 June 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.