Advertisement
फेसबुक पर दोस्ती करने के बाद उसने युवती से फोन पर बातचीत करना शुरू कर दिया। युवती जब पटवारी की परीक्षा देने आई तो पीछा करते हुए भोपाल आ गया। इसके बाद होटल में उसके साथ दुष्कर्म कर दिया। युवती के गर्भवती होने पर परिजनों को घटना का पता चला। युवती की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है।
अशोका गार्डन पुलिस के मुताबिक छिंदवाड़ा के ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाली एक 33 वर्षीय युवती की फेसबुक पर उसके क्षेत्र में रहने वाले आशीष पंवार नाम के युवक से दोस्ती हो गई थी। इसके बाद वे अक्सर फोन पर भी बात करने लगे। 22 दिसंबर को वह पटवारी की परीक्षा देने भोपाल आई थी। इस बात की जानकारी पहले से लग जाने पर आशीष भी किसी बहाने से भोपाल आ गया था।
रेलवे स्टेशन पर वह युवती को मिला तब युवती की तबीयत कुछ खराब हो रही थी। आराम करने का भरोसा दिलाते हुए आशीष उसे प्रभात चौराहे के पास स्थित होटल सिल्वर इन में ले आया। आशीष ने होटल के कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद युवती अपने घर चली गई। पिछले दिनों तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टर ने उसके गर्भवती होने की जानकारी दी। परिजनों ने पूछताछ की तब युवती ने घटना के बारे में बताया। युवती की शिकायत पर छिंदवाड़ा पुलिस ने आशीष के खिलाफ जीरो पर दुष्कर्म का केस दर्ज कर केस डायरी अशोका गार्डन थाने भेज दी। पुलिस टीम आरोपित की तलाश में छिंदवाड़ा जाएगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |