Advertisement
नई दिल्ली। मिशन चंद्रयान, आदित्य एल-1 के बाद अब मिशन गगनयान के लिए उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने गुरुवार को एक्स पर जानकारी दी कि गगनयान मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन के लिए मानव रहित उड़ान की टेस्टिंग टीवी-डी 1 शनिवार को सुबह 7 बज कर 30 मिनट पर शुरू करेगा। इस परीक्षण का सीधा प्रसारण लोग इसरो की वेबसाइट पर देख सकेंगे।
इससे पहले 17 अक्टूबर को इसरो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मिशन गगनयान : टीवी-डी1 परीक्षण उड़ान 21 अक्टूबर, 2023 को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से निर्धारित है। इस मिशन से रॉकेट में गड़बड़ी होने पर अंदर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों को धरती पर सुरक्षित लाने वाले सिस्टम की टेस्टिंग होने जा रही है। टीवी-डी1 परीक्षण उड़ान के बाद गगनयान कार्यक्रम के तहत तीन और परीक्षण यान मिशन किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि गगनयान मिशन के तहत मानव दल को पृथ्वी की 400 किलोमीटर की कक्षा में सफलतापूर्वक प्रक्षेपित करके उसे भारतीय समुद्री सतह पर उतारकर पृथ्वी पर सुरक्षित रूप से वापस लाने की यान की क्षमता का आंकलन करने और मानव अंतरिक्ष उड़ान क्षमता का प्रदर्शन करने की परिकल्पना की गई है।
क्या है इसका उद्देश्य
परीक्षण यान की उड़ान (टीवी-डी1) का उद्देश्य क्रू मॉड्यूल का परीक्षण करना है, जो अगले साल के अंत में मानव अंतरिक्ष उड़ान के दौरान भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को ले जाएगा। टीवी-डी1 परीक्षण उड़ान में मानव रहित क्रू मॉड्यूल को बाहरी अंतरिक्ष में प्रक्षेपित करना, इसे पृथ्वी पर वापस लाना और बंगाल की खाड़ी में सुरक्षित उतारना है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |