Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर एक शिक्षिका की दिनदहाड़े लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना ग्राम हरसवाट की है। मामले में पुलिस ने वकील सहित छह आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रविवार शाम तक चार आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया था। घटना के विरोध में समग्र आदिवासी समाज के आह्वान पर रविवार को आलीराजपुर नगर बंद रहा।
पुलिस के अनुसार, आलीराजपुर के उमराली नाका निवासी 47 वर्षीय बसंतीबाई पत्नी केसरसिंह शासकीय विद्यालय लक्ष्मणी में पदस्थ थीं। शनिवार शाम स्कूल से ग्राम हरसवाट स्थित अपने खेत में पहुंची थीं। यहां आरोपितों से उक्त खेत को लेकर विवाद हो गया। यह जमीन उन्होंने वर्ष 2010 में आरोपित पक्ष से खरीदी थी।
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने जमीन के दाम बढ़ जाने को लेकर भूमि पर अपना दावा किया और विवाद करने लगे। बात बढ़ी और आरोपितों ने बसंतीबाई की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने ग्राम हरसवाट निवासी चमबाई, आलीराजपुर निवासी एडवोकेट ज्ञानेश्वर परिहार सहित छह लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। चार आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। शेष दो आरोपितों को तलाशा जा रहा है। आरोपितों में एक नाबालिग है। मामले में आरोपितों के अवैध निर्माण तोड़ने की तैयारी प्रशासन ने कर ली है। नगर पालिका प्रशासन ने आरोपित एडवोकेट परिहार और ग्राम पंचायत हरसवाट ने चमबाई को नोटिस जारी किया है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |