Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश की शिवराज सरकार विभागों में खाली पड़े सरकारी पदों पर भर्ती कर रही है। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने कार्यक्रमों के दौरान मंच से भी सरकारी नौकरियों में नियुक्ति के वादे और घोषणाएं कर रहे हैं। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने एक बार फिर से नौकरियों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसा है।
कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा जिस समय मप्र में भाजपा सरकार से विमुक्ति का समय आ रहा है उस समय अपनी अंतिम तिमाही में भाजपा सरकार तथाकथित नियुक्ति की बात कर रही है। इन अस्थायी नियुक्ति-पत्रों का भी वैसे ही कोई भविष्य नहीं है जैसे इस भाजपा सरकार का। पूर्व मुख्यमंत्री ने निशाना साधते हुए कहा कि आख़िरी समय में मजमा लगाने से कुछ नहीं होगा। जिनका ख़ुद का रोज़गार छिनना पक्का है वो क्या किसी और को रोज़गार की गारंटी देंगे। हाथ हिला-हिलाकर दिखावटी अभिवादन और झूठी मुस्कान से अब कुछ नहीं होनेवाला। युवाओं को धोखा देना भविष्य को धोखा देना है। मप्र के आक्रोशित बेरोज़गार युवा भाजपा से हिसाब-किताब बराबर करने के लिए चुनाव के इंतज़ार में आतुर बैठे हैं।
कमलनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने मप्र को नौकरी घोटालों की कुख्यात प्रयोगशाला बना दिया है। भाजपा मप्र की ईमानदार छवि धूमिल करने की अपराधी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |