Advertisement
इंदौर। शहर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित प्राइम होटल में सोमवार को युवक-युवती के शव मिले हैं। युवती का शव बिस्तर पर पड़ी मिला, जबकि युवक का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, राहुल वर्मा और नंदिनी नाम के युवक-युवती बीते शनिवार से होटल के रूम नंबर 306 में ठहरे थे। सोमवार दोपहर कमरे से बदबू आने लगी। कर्मचारियों ने होटल मैनेजर को सूचना दी, जिसके बाद दूसरी चाबी से लॉक खोलकर देखा तो दोनों की लाश मिली।
भंवरकुआं थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि प्राइम होटल के स्टाफ ने शव पड़े होने की सूचना दी थी। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का केस है या फिर कुछ और।
उन्होंने बताया कि राहुल वर्मा अमर पैलेस कॉलोनी का रहने वाला था। युवती का नाम नंदिनी था। वह कॉल सेंटर पर काम करती थी। शनिवार सुबह वह घर से विजय नगर जाने की बात कहकर निकली थी। उसके भाई ने उसे राजीव गांधी चौराहे पर सिटी बस स्टॉप पर छोड़ा था।
पुलिस की प्रांरभिक जांच में पता चला कि दोनों के बीच में आपसी संघर्ष जैसे कोई निशान नहीं मिले हैं। फोरेंसिक डिपार्टमेंट के अफसरों की जांच के अनुसार पहले नंदिनी की मौत हुई है। इसके बाद राहुल ने फांसी लगाई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जानकारी सामने आ सकेगी।
पुलिस का कहना है कि दोनों एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। इस रिश्ते को लेकर दोनों के परिवार के लोग खुश नहीं थे। इस वजह से परिवार से अलग रह रहे थे। हालांकि, पुलिस ने परिवार को घटना की जानकारी दी है। अभी किसी के बयान नहीं हो पाए हैं।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |