Advertisement
उमरिया। जिले के नौरोजाबाद और पाली थाना अंतर्गत जोहिला नदी पुल पर रविवार की रात तेज रफ्तार ट्रक ने शहडोल के व्यापारी की कार को टक्कर मार दी, जिससे कार पुल की रैलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका आठ साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कार को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने घायल मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि व्यापारी पति-पत्नी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शहडोल निवासी कार्तिक अग्रवाल अपनी पत्नी स्वाति अग्रवाल और आठ साल के बेटे के साथ रविवार को एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जबलपुर गए हुए थे। रात में वे अपनी कार क्रमांक एमपी-18 सीए, 2164 से अपने घर शहडोल जा रहे थे। इसी दौरान जोहिला पुल पर उनकी कार को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी की कार जोहिला पुल में लगी रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे नदी में जा गिरी। कार के नीचे गिरते ही कार्तिक अग्रवाल तथा पत्नी और मासूम बच्चा कार में ही फंस गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार कार्तिक अग्रवाल उनकी पत्नी एवं आठ वर्षीय बेटे को बाहर निकाला और तीनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से उमरिया के जिला अस्पताल भेजा, जहां पति-पत्नी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद शहडोल जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सिन्हा भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। एसपी सिन्हा ने बताया कि शहडोल के व्यापारी कार्तिक अग्रवाल की कार को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में कार सवार दंपत्ति की मौत हो गई है और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |