Advertisement
उज्जैन। जिले के भैरवगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांसखेड़ी नवेली में घरेलू विवाद के चलते शनिवार रात एक 20 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला के मायके वालों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव बरामद कर शनिवार रात पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मरच्यूरी में रखवाया। रविवार सुबह मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया।
एएसआई ओपी मालवीय ने बताया कि राधा बाई (20) पत्नी तूफान ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। महिला घर के अपने कमरे में अकेली थी। उसकी सास चंदा्रबाई ने आवाज देकर आसपास के लोगों को बुलाया और दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतरवाया। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जमीन पर पड़ी महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला के मायके वालों ने राधा के पति तूफान पर हत्या का आरोप लगाया है। मृत महिला के भाई नागदा के मालीखेड़ी में रहने वाले सरवर खिची ने बताया कि दो साल पहले बहन राधा का विवाह किया था। उसका 11 महीने का बेटा दिलखुश है। बेटे की डिलीवरी के बाद 15 महीने से वह वह मायके में थी। तीन महीने पहले ही वह ससुराल आई थी। पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। दो दिनों से बीमार बेटे के इलाज को लेकर ज्यादा विवाद हो गया। शनिवार रात 8 बजे बहन ने फोन लगाकर मारपीट की बात कही और मायके आने का बोली। इसके बाद 8:30 बजे वह आत्महत्या कैसे कर सकती है। सरवर ने कहा कि उसके पति तूफान ने ही उसकी हत्या की है। रात 9 बजे पड़ोसी रिश्तेदारों नेे फोन कर घटना की सूचना दी। पुलिस का कहना है कि घटना के वक्त तूफान घर पर मौजूद नहीं था। वह किसी काम से उज्जैन गया हुआ था।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |