Advertisement
दमोह। जिले के जबेरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुुंचाया जहां से गंभीर हालत होने पर उसे इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार दमोह जबलपुर मार्ग पर जबेरा थाना क्षेत्र के सिग्रामपुर के धवालेन के पास बाइक सवार तीन युवक सिग्रामपुर की ओर आ रहे थे। इस दौरान सिग्रामपुर से जबलपुर की ओर जा रहे 18 चक्का वाले ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक युवकों को रौंदते हुए निकल गई। घटना के बाद ट्रक चालक तत्काल ही घटनास्थल से फरार हो गया।घटना के बाद मार्ग पर जाम लग गया। हादसे में बाइक सवार सूरज ठाकुर पुत्र मुन्ना ठाकुर निवासी सिंग्रामपुर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि भल्लू झारिया पुत्र कनछेदी झारिया (28) निवासी सिंग्रामपुर ने जबेरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं तीसरे घायल शिवराज पुत्र अरविंद (24) को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया। सूचना मिलते ही जबेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मशक्कत के बाद सड़क पर लगा जाम हटाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की पड़ताल शुरू कर दी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |