Advertisement
ग्वालियर। ग्वालियर के आसमान में बादल तो लगातार छाए हुए हैं लेकिन बारिश नहीं होने से जहां पारा ऊपर चढ़ रहा है वहीं वातावरण में उमस भी बढ़ गई है। बुधवार को पारा 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। ऐसे में मौसम विभाग से यह राहत की खबर आई है कि ग्वालियर-चंबल संभाग में अगले 24 घंटे में बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है जिससे उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलेगी।
स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि उत्तरी छत्तीसगढ़ में बना गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र अब आगे बढ़कर पूर्वी मध्यप्रदेश में पहुंच गया है। जिसके उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश की ओर आगे बढऩे की संभावना है। इसके अवाला पूर्वी मध्यप्रदेश से एक द्रोणिका लाइन भी गुजर रही है। अगले 24 घंटे के दौरान इन मौसम प्रणालियों का प्रभाव ग्वालियर-चंबल संभाग में भी देखने को मिल सकता है। गुरुवार को दोपहर बाद ग्वालियर सहित अंचल में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। उन्होंने बताया कि गुरुवार से अंचल भर में चार से पांच दिन तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 2.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |