Advertisement
उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में कुंए से पानी भरने को लेकर दो भाईयों के परिवार के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। संघर्ष में एक परिवार के पिता और बेटे को गंभीर चाेटें आई है। फिलहाल दोनों का जिला अस्पताल में ईलाज जारी है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इधर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार घटना जिले के चंदिया थाना अंतर्गत ग्राम दुब्बार में हुई है। यहां रहने वाले दो भाई शेख बाबू और शेख सब्बीर अपने परिवार के साथ रहते हैं। दोनो भाइयों के घर के बीच एक कुआं है। बुधवार को नल में पानी न आने की वजह से पीड़ित परिवार निस्तार के लिए कुएं का पानी उपयोग करना चाह रहे थे। इसी बात को लेकर बुधवार रात दोनो भाइयों में पहले तो विवाद हुआ और बाद में टांगी सहित दूसरे हथियारों से खूनी संघर्ष शुरू हो गया। आरोपित भाई शेख सब्बीर ने अपने परिवार के साथ मिलकर भाई शेख़ बाबू पुत्र शेख हबीब उम्र 45 वर्ष और उसके बेटे आबिद उम्र 18 वर्ष के सिर पर टांगी से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस दौरान बीच बचाव करने आई पीड़ित शेख बाबू की बेटी अनीसा बी उम्र 17 वर्ष, उनकी पत्नी जमीला बी उम्र 35 और मां मरियम बी पत्नी शेख हबीब पर भी आरोपितों ने हमला किया। जिससे उन्हें भी चोटें आई है। आस पड़ोस के लोगाें ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पिता और पुत्र की हालत गंभीर होने पर दोनों का प्राथमिक उपचार कर जबलपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस खूनी संघर्ष में घायल शेख बाबू के भाई शेख सब्बीर और उसके परिवार का हाथ है।फिलहाल घटना के बाद पुलिस पूरे मामले पर प्रकरण कायम कर तफ्तीश में जुट गई है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |