Advertisement
भोपाल। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में दो वेदर सिस्टम सक्रिय हैं। इनकी वजह से मौसम विभाग ने 15 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इधर, अरब सागर में बने चक्रवात के कारण मानसून लेट होने की संभावना है प्रदेश में उसकी एंट्री जून के आखिरी सप्ताह तक हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में प्री मानसून एक्टिविटी जारी रहेगी। मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। वहीं, मौसम विभाग ने बुधवार को भोपाल, देवास, धार, बैतूल, उज्जैन, अनूपपुर, सागर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, नीमच, सिवनी और मंदसौर में बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। भोपाल, देवास, धार, बैतूल और उज्जैन में गरज-चमक की स्थिति बनेगी। यहां 40कि.मी. प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। पिछले 24 घंटे में सागर में 04.8, भोपाल शहर में 2.0, नर्मदापुरम में 1.6 मिमी पानी गिरा। ग्वालियर में भी हल्की बारिश हुई।
सुबह चमकेगी धूप, दोपहर बाद छाएंगे बादल
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में अभी चक्रवात व अन्य सिस्टम एक्टिव हैं। इसका असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इस कारण प्रदेश में प्री-मानसून एक्टिविटी जारी रहेगी। बुधवार को भी दोपहर बाद छुटपुट बारिश हो सकती है। गरज-चमक वाली स्थिति रहेगी। अरब सागर में चक्रवात बनने की वजह से मानसून आगे नहीं बढ़ पा रहा है। केरल में देरी से आने के कारण मध्यप्रदेश में भी मानसून लेट हो सकता है। राजधानी में बुधवार को दोपहर तक आसमान साफ रहेगा, लेकिन इसके बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। ऐसा ही मौसम 8 जून को भी बना रह सकता है। 9 जून को मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन 10 जून को तेज बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |