Advertisement
खंडवा। जिले के आदिवासी अंचल ग्राम कालापाठा में मंगलवार सुबह मन्नत की पूजा में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब छह महिलाएं घायल हो गई। हादसे के वक्त ट्राली में महिलाएं और बच्चे सवार थे। ग्रामीणों ने मदद करते हुए घायलाें को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जानकारी अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब नौ बजे की है। ग्राम लाखोरामाल से 15 महिलाएं और बच्चें मन्नत की पूजा में शामिल होने ट्रैक्टर- ट्राली से जा रहे थे। इस दौरान कालापाठ में सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के चलते ट्राली का एक टायर नीचे उतर गया। इससे ट्राली पलट गई व ट्राली में सवार महिलाएं सड़क किनारे कांटों की बागड़ में गिर गई। ट्राली में गेहूं का भूसा भरकर श्रद्धालु बैठे थे। ट्राली पलटते ही भूसे सहित सभी जमीन पर आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मदद की। हादसे में करीब छह महिलाएं घायल हुई है। वहीं दुर्घटना के करीब आधा घंटे बाद एक बच्ची नहीं नजर आने पर उसकी तलाश की गई तो वह भूसे के ढेर के नीचे दबी मिली। 10 वर्षीय सोनू पुत्री रुमाल सिंह को बेहोशी की हालत में अन्य घायलों के साथ खालवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क का कार्य चल रहा है। ग्राम में दो माह पूर्व बने एक फीट ऊंचे व सकरे सीसी रोड के साइड सोल्डर न बनाए जाने से यह घटना हुई है। गनीमत रही कि ट्राली की गति कम थी अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |