Advertisement
दतिया। जिले के कस्बा भाण्डेर में स्थित पहुज नदी में मंगलवार दोपहर एक बच्ची का शव तैरता हुआ मिला है। बच्ची दो दिनों से लापता थी और उसके परिजनों ने भाण्डेर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आगे की पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी अनुसार 13 वर्षीय बच्ची मूलतः जिले के गांव डोड पड़री के निवासी थी। बच्ची के माता-पिता उत्तर प्रदेश के जौनपुर में गोल गप्पे बनाने का काम करते हैं। इसके चलते बच्ची भाण्डेर के सिकंदरपुर मोहल्ले में रहने वाले अपने मामा पहलाद पाल के यहां तीन साल से रहकर कक्षा 8वीं की पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक बच्ची रविवार शाम को घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।जिसके बाद मामा ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। मंगलवार दोपहर को बच्ची का शव पानी में तैरता मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भाण्डेर अस्पताल पहुंचाया।
एसडी ओपी कार्णिक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने शव को पानी से निकाला और बच्ची की शिनाख्ती का प्रयास किया। बच्ची की पहचान 13 वर्षीय नंदनी पाल के रूप में हुई जोकि रविवार शाम घर से लापता थी। मामले की जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |