Advertisement
सागर। सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर रविवार देर शाम कार की टक्कर से पिता और उसके दो पुत्रों की मौत हो गई। हादसे की जानकारी लगने पर मंत्री गोपाल भार्गव अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों को राहत दिए जाने की बात कही। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं पर असंतोष जताया।
जानकारी के मुताबिक हरदौट गांव निवासी 45 वर्षीय अशोक बंसल अपने दो पुत्रों 18 वर्षीय राहुल एवं 15 वर्षीय विशाल के साथ चनाटोरिया गए थे। वह अपना काम पूरा कर देर शाम बाइक से लौट रहे थे। गोवर्धन ढाबा के पास तेज गति से सागर की ओर जा रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही पिता अशोक एवं उसके दोनो पुत्रों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर डायल 100 और एंबुलेंस से सभी को अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की जानकारी लगने पर लोकनिर्माण विभाग के मंत्री गोपाल भार्गव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां पीड़ित परिवार को उन्होंने सांत्वना दी। अस्पताल में व्यवस्थाएं ठीक नहीं थीं। रात्रि आठ बजे अंधेरा छाया हुआ था, सफाई नहीं थी। बदबू के कारण रुकना मुश्किल हो रहा था। जिस पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। हादसे में कार भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिस कारण कार सवार रामकटोरी शर्मा उम्र 75 वर्ष, शरलत्र शर्मा, विकास उपाध्याय तथा जयदीप मुद्गल 35 वर्ष घायल हो गए। उन सभी को उपचार देकर सागर रैफर किया गया है। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। मंत्री श्री भार्गव हादसे की जानकारी मिलने पर गढ़ाकोटा अस्पताल पहुंचे। जहां अंधेरे होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |