Advertisement
रतलाम। जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सनकी पति ने आधी रात को ससुराल पहुंचकर पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। इस दौरान बीच बचाव करने आई सास को भी आरोपित ने कुल्हाड़ी मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी अनुसार मानकुंवर बाई (45 वर्ष) पत्नी हीरा सिंह निवासी ग्राम सालाखेड़ी पिछले करीब एक साल से स्थानीय नया गांव में स्थित अपने मायके में मां धन्नाबाई के साथ रह रही थी। बुधवार देर रात करीब 2:30 से 3:00 के बीच महिला का पति आरोपित हीरा सिंह अपने ससुराल पहुंचा और टापरी (मकान) की छत का पतरा हटाकर घर में घुस गया। घर में घुसने के बाद उसका पत्नी से विवाद शुरू हो गया।
इस दौरान आरोपित पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा कर उसकी जान ले ली। बीच बचाव करने आई सास धन्नाबाई को भी आरोपित ने कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घर से शोर शराबे की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आराेपित बचकर वहां से फरार हो गया। सूचना के बाद मौेके पर पहुंची औद्योगिक थाना पुलिस द्वारा सास धन्नाबाई को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। मानकुंवर बाई का शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भिजवाया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस से जानकारी मिली है कि पति और पत्नी के बीच काफी लंबे समय से विवाद चल रहा था। बीती रात आरोपित हीरालाल पत्नी के मायके गया और चरित्र शंका में विवाद करने लगा। विवाद इतना अधिक हो गया कि आरोपित हीरालाल ने अपनी पत्नी के सिर पर वार कर दिया। इस बीच जब सास बीच बचाव करने आई तो उसपर भी वार कर उसे घायल कर दिया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |