Advertisement
टीटी नगर इलाके में एक महिला द्वारा बात नहीं करने से नाराज होकर युवक ने फायर कर दिया। इसके बाद कट्टे की बट से महिला के सिर में तीन वार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। एक साल पहले भी युवक ने इसी तरह महिला पर हमला किया था, जिसे श्यामला हिल्स पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। टीटी नगर पुलिस के मुताबिक गंगा नगर निवासी 30 वर्षीय महिला निजी काम करती है।गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे महिला आधार कार्ड बनवाने के बाद न्यू मार्केट से पैदल घर लौट रही थी। वह बाणगंगा के पास कस्तूरबा स्कूल के सामने पहुंची थी तभी उसके गांव का परिचित राज उर्फ किशनलाल मिल गया। किशनलाल ने महिला का रास्ता रोक लिया और पूछा कि आजकल तुम बात नहीं करती हो। इस पर महिला ने कहा-मेरा घर बस चुका है, मैं न ही तुमसे बात करना चाहती हूं और न ही मोबाइल नंबर दूंगी। इस पर युवक ने उसके साथ गाली-गलौच कर दी। महिला ने विरोध किया तो किशनलाल ने कट्टा निकाला और उसे डराने के लिए हवाई फायर कर दिया। इसके बाद कट्टे की बट से महिला के सिर में तीन वार किए। इससे महिला लहूलुहान होकर नीचे गिर गई। प्राथमिक इलाज के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने आरोपी किशनलाल उर्फ राज के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |