Advertisement
खरगोन। रामनवमी पर मनाया जाने वाला भगवान राम का जन्मोत्सव शांतिपूर्ण और खुशनुमा माहौल में संपन्न हुआ। सबसे ज्यादा आश्चर्यजनक यह था कि जिस जगह पिछले साल भगवान राम की शोभायात्रा पर पथराव हुआ था, इस साल उसी जगह मुस्लिम समुदाय के लोगों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। प्रशासन ने इस यात्रा के 3 किलोमीटर के रूट पर करीब 1 हजार जवानों को तैनात किया था।
मध्यप्रदेश के खरगोन में बीते साल रामनवमी पर हुए दंगों के बाद इस बार माहौल थोड़ा अलग रहा। यहां शहरवासियों में हुए संवाद के बाद माहौल बदला हुआ था। गुरुवार को रामनवमी पर दोपहर 2 बजे शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 10 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। शोभायात्रा की शुरुआत भोला चौक बस स्टैंड स्थित मंदिर से हुई। दो घंटे बाद यात्रा तालाब चौक पहुंची। यह वहीं क्षेत्र है जहां पिछले साल सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगड़ने की शुरुआत हुई थी। इस बार यहां मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि जिले में लगभग 20 स्थानों पर चल समारोह निकले। सबसे बड़ा आयोजन खरगोन में हुआ। पुलिस ने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी से निगरानी रखी। कलेक्टर शिवराज वर्मा ने कहा कि पूरे शहर में शांतिपूर्ण कार्यक्रम हुआ।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |