Advertisement
इंदौर। शहर के पलासिया थाना क्षेत्र में रहने वाले महू थाना प्रभारी के 27 वर्षीय बेटे की कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह सोमवार को सुबह अखबार पढ़ रहा था। इस दौरान उसे अचानक खांसी आई और इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टर ने फौरन अस्पताल ले जाने की सलाह दी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पलासिया थाना प्रभारी दीप सिंह परमार ने बताया कि मृतक का नाम हर्ष भदौरिया (27) निवासी नवरत्न बाग है। हर्ष के पिता महेन्द्र सिंह भदौरिया महू थाने के टीआई हैं। हर्ष सोमवार सुबह ड्राइंग रूम में बैठकर अखबार पढ़ रहा था। तभी उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। टीआई महेन्द्र सिंह भदौरिया सुबह महू के लिए निकल गए थे। जब उन्हें बेटे हर्ष की तबीयत बिगड़ने की जानकारी लगी तो वह रास्ते से लौट आए। बेटे को लेकर वे ही एमवाय के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे थे। लेकिन, डॉक्टरों ने यहां उसे मृत घोषित कर दिया। हर्ष उनका इकलौता बेटा था।
परिवार के मुताबिक हर्ष पढ़ाई के बाद एमपी पीएससी की तैयारी कर रहा था। इसमें उसने एक पेपर भी दे दिया था और दूसरा पेपर कुछ दिन बाद होना था। हर्ष के दादा भी शहर में पुलिस डिपार्टमेंट में बड़े पद पर रहे हैं। वहीं उसके ताऊ आर्मी से रिटायर्ड हैं। भदौरिया भी पंढरीनाथ, खुडैल, हीरानगर और सदर बाजार थाना प्रभारी रह चुके है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |