Advertisement
इंदौर। जिले के राऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत गोल चौराहा पर गुरुवार शाम को एक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि पति और एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि परिवार बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
राऊ थाना प्रभारी नरेंद्र रघुवंशी ने बताया कि घटना गुरुवार शाम करीब पांच बजे गोल चौराहा की है। पीपल चौक (खजराना) निवासी अखिलेश सेन अपनी पत्नी प्रियंका और बेटे अनमोल, कुशवीर (कान्हा) के साथ चाचा शंकरलाल से मिलने अकोलिया (पीथमपुर) गया था। वहां से लौटते समय गोल चौराहा पर ट्रक (यूपी 78सीएन 7315) ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर तो धीरे लगी, लेकिन गाड़ी गिट्टी पर फिसल गई और असंतुलित होकर फिसल गई। चालक ने ट्रक नहीं रोका और प्रियंका और छह वर्षीय कान्हा पहिए के नीचे आ गए। कान्हा की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और प्रियंका ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घटना के थोड़ी देर बाद चाचा शंकरलाल का बेटा रविंद्र सेन उधर से गुजरा तो भीड़ देखकर रुक गया। उसने अखिलेश की बाइक पहचान ली। वह बड़े बेटे अनमोल को लेकर रो रहा था। राहगीरों की मदद से रविंद्र ने एम्बुलेंस बुलाई और प्रियंका को अस्पताल ले गया। शाम को डाक्टर ने उसको भी मृत घोषित कर दिया। अखिलेश और अनमोल को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |