Advertisement
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पद को लेकर असमंजस की स्थिति के बीच शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस ने माना कि जीतू पटवारी कार्यकारी अध्यक्ष हैं। पार्टी के संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने कहा कि पटवारी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मनोनीत किया था और हमारे पास अभी कोई स्पष्ट निर्देश नहीं हैं। वे आगामी आदेश तक काम करते रहेंगे।
गौरतलब है कि संगठन चुनाव के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश उपाध्यक्ष और महामंत्री की नियुक्तियां की थीं। इसमें कार्यकारी अध्यक्ष को लेकर कोई उल्लेख नहीं था। इसको लेकर माना गया कि कार्यकारी अध्यक्ष की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है, लेकिन जीतू पटवारी स्वयं को कार्यकारी अध्यक्ष बताते रहे। गुरुवार को उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे पत्र में भी स्वयं को कार्यकारी अध्यक्ष बताया था। इसको लेकर प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता डा.हितेष वाजपेयी और नरेंद्र सलूजा ने तंज कसते हुए कहा कि पूरी पार्टी ही असमंजस की स्थिति में है। पटवारी सीधे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को चुनौती दे रहे हैं।
इस पर प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह से पत्रकारों द्वारा सवाल किया किया गया, तो उन्होंने कहा कि इसमें चुनौती देने जैसी कोई बात नहीं है। हम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर चलते हैं। वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत थे तो आगामी आदेश तक वे हैं। इसमें प्रश्नचिन्ह कहा हैं। पिछली कार्यकारिणी में वे मनोनीत हुए थे और अभी कोई स्पष्ट निर्देश नहीं आया है, इसलिए हम मानते हैं कि वे कार्यकारी अध्यक्ष हैं।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |