Advertisement
भोपाल। कोरोना महामारी के बीच प्रवासी मजदूरों के आवागमन के चलते प्रदेश में रोज ही सड़क हादसे हो रहे हैं। गुरुवार की देर रात प्रदेश में दो हादसे हुए। नरसिंहपुर जिले में एक टेम्पो ट्रैवलर वाहन पलट गया, जिसमें 08 लोग घायल हो गए। वहीं, विदिशा में एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई लेकिन हादसे में किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर ग्राम डाँगीढाना के पास गुरुवार की रात एक टेम्पो ट्रेवलर वाहन तेज गति होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। यह वाहन अंबाला से चेन्नई जा रहा था। इस दुर्घटना में वाहन में सवार चेन्नई के 08 लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की स्थिति गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य 7 को मामूली चोटें आई हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। वाहन में कुल 11 यात्री सवार थे, जो सभी चेन्नई के निवासी हैं।
प्रदेश के विदिशा में मजदूरों से भरा पिकअप वाहन शुक्रवार तड़के करीब 4.00 बजे अनियंत्रित होकर हाईवे से उतर गया। दुर्घटना के समय वाहन की गति काफी तेज थी। सौभाग्य से इस दुर्घटना में किसी को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। उत्तरप्रदेश के बलरामपुर निवासी एक् व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल 40 लोग सवार थे। ये सभी राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके से उत्तरप्रदेश जा रहे थे, इसी बीच यह दुर्घटना हो गई।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |