Advertisement
खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में रविवार रात दो बाईकों की आपस में भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है। घायल को ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी अनुसार घटना जिले के मेनगांव थाना के ग्राम गोपालपुरा की है। यहां रविवार रात करीब 10 बजे खण्डवा-बडोदरा राजमार्ग पर बडग़ांव निवासी लालू (18 वर्ष) बाईक पर अपने चचेरे भाई प्रेमलाल (14 वर्ष) के साथ गांव से डीजल लेने खरगोन जा रहा था। इस दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाईक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाईकों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में लालू, प्रेमलाल और पाडल्या निवासी वीरेंद्र (20 वर्ष) की मौत हो गई। जबकि दीपक नाम का एक युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वही मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हालांकि अभी तक खुलासा नही हो पाया है कि हादसा कैसे हुआ। शुरुआती जांच में दोनों बाइको की तेज रफ्तार की बात सामने आ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |