Advertisement
कोलार इलाके में रॉयल भगवान स्टेट कवर्ड कैंपस में रहने वाले एक प्राइवेट कंपनी के महाप्रबंधक के घर का ताला तोड़कर चोर ढाई लाख नकद समेत करीब सात लाख का सामान समेटकर फरार हो गए। घटना के समय जीएम परिवार समेत बड़े बेटे की सगाई तय करने गए मुंबई गए थे। हालांकि पुलिस ने साढ़े तीन लाख रुपए की चोरी की एफआईआर दर्ज की है। आरोपितों का सुराग नहीं लग पाया है।
कोलार पुलिस के अनुसार रॉयल भगवान स्टेट निवासी मो. परवेज एक निजी कंपनी में महाप्रबंधक हैं। वह शुक्रवार 13 सितंबर को अपने सिविल इंजीनियर बेटे की सगाई तय करने के लिए परिवार समेत मुंबई गए थे। इस दौरान घर पर कोई नहीं था। मंगलवार सुबह जब वह लौटे तो देखा कि घर के बाहर का ताला टूटा पड़ा था। अंदर पूरा सामान बिखरा पड़ा था। बैडरूम में रखी अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। उसमें रखे सोने के जेवरात ओर ढाई लाख रुपए चोरी हो गए थे। उनकी शिकायत पर पुलिस ने साढ़े तीन लाख की चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने साढ़े तीन लाख की चोरी का मामला दर्ज कियाः पीड़ित
पीड़ित मो. परवेज ने बताया कि उनके घर से ढाई लाख नकद और पांच लाख कीमत के जेवरात चोरी हुए हैं, लेकिन पुलिस ने साढ़े तीन लाख की चोरी दर्ज की है। परवेज ने चोरी के लिए किसी पर भी संदेह नहीं जताया है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |