Advertisement
सीहोर के आसपास के जंगल में हिरणों शिकार हो रहा है और डिमांड पर उसके मांस की सप्लाई भोपाल में की जा रही है। हैरत की बात है कि वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं है। यह खुलासा क्राइम ब्रांच ने हिरणों के मांस के दो तस्करों को गिरफ्तार कर किया है। आरोपित रोज अपने स्कूटर से मांस की सप्लाई मुंह मांगी कीमत पर भोपाल में कर रहे थे। दोनों ने कबूल किया है कि वे सीहोर के आसपास के जंगल में जाकर हिरण का शिकार कर रहे थे।
क्राइम ब्रांच के अनुसार पोस्ट ऑफिस रोड गल्ला मंडी सीहोर निवासी 23 वर्षीय आदिल सिद्दकी पिता असफाक इलाही 12 वीं क्लास पढ़ा है। वह फर्नीचर का काम करता है और उसका साथी माज सिद्दकी (25) निवासी पुख्ता मस्जिद के पास सीहोर 10वीं तक पढ़ा है। क्राइम ब्रांच को सूचना मिल रही थी कि ये दोनों नीले रंग के स्कूटर से सीहोर से भोपाल में आकर हिरण का मांस बेचते हैं। मंगलवार शाम को मिली सूचना के बाद पुलिस ने दोनों को शाहजहांनाबाद ताजमहल के पास हिरासत में लिया। आरोपितों से 20 किग्रा हिरण का मांस जब्त किया गया।
रोजाना कर रहे थे हिरण का शिकार, वन विभाग को खबर तक नहीं
आरोपित लंबे समय से हिरण का शिकार करने के लिए रोज सीहोर के जंगल में जाते थे। फंदे से हिरण को फंसाकर उसे जंगल में काटते थे। इसके बाद मांस को स्कूटर की डिग्की में रखकर भोपाल में सप्लाई करते थे। भोपाल में कुछ चुनिंदा लोग इस मांस की मुंह मांगी कीमत देते हैं। चौकाने वाली बात यह है कि सीहोर के जंगल में रोज हिरण का शिकार किया जा रहा था और वन विभाग को इसकी जानकारी तक नहीं थी। क्राइम ब्रांच ने इस मामले की जानकारी वन विभाग के अफसरों को दे दी है। आरोपितों पर वन्य प्राणी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |