Advertisement
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आयोजन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री करीब 3,000 करोड़ रुपये की 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं का फोकस जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार के साधन, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और सामुदायिक ढांचा मजबूत करने पर रहेगा।
उद्घाटन होने वाली 173 परियोजनाओं में 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और पीएम-जनमन योजना के तहत बनने वाले 100 बहुउद्देश्यीय केंद्र प्रमुख हैं। ये केंद्र गांवों में सेवाओं की पहुंच आसान करने के साथ सामुदायिक गतिविधियों के केंद्र भी बनेंगे। पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से जुड़ी कई अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा।
इस मौके पर अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट भवन और मिजोरम के आइजोल में रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी उद्घाटन होगा। रोपुइलियानी संग्रहालय 19वीं सदी की मिजो प्रमुख रोपुइलियानी को समर्पित है, जिन्होंने ब्रिटिश शासन का विरोध किया था। यह संग्रहालय मिजो स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और मिजो सांस्कृतिक परंपरा को सामने रखेगा।
शिलान्यास वाली परियोजनाओं में 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय शामिल हैं। इसके साथ ही जनजातीय उत्पादों को बेहतर बाजार दिलाने के लिए 12 जनजातीय बहुउद्देश्यीय विपणन केंद्र बनाए जाएंगे। पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 42 और परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी।
यह कार्यक्रम 1 से 15 नवंबर तक चले जनजातीय गौरव पखवाड़े का समापन होगा। इस पखवाड़े में ईएमआरएस विद्यार्थियों से राष्ट्रपति का संवाद, राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव, जनजातीय चिकित्सकों का प्रशिक्षण, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के लिए स्वास्थ्य और पोषण शिविर, तथा धरती आबा जनभागीदारी अभियान के तहत गांवों में सेवा कार्य किए गए।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |