Video

Advertisement


जनजातीय गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

 

भोपाल। 15 नवंबर जनजातीय समाज के साथ पूरे भारत के लिए आत्मसम्मान, साहस और देशभक्ति को याद करने का विशेष दिन है। इस दिन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक ऐतिहासिक नाम नहीं हैं, बल्कि वे एक विचारधारा हैं, जो आज भी जनजातीय समाज और राष्ट्र को दिशा देती है।

 

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 8 करोड़ जनता की ओर से जनजातीय नायकों को नमन करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अंग्रेजी शासन के अत्याचार और शोषण के खिलाफ उलगुलान का बिगुल फूंका था। उनके इस संघर्ष ने स्वतंत्रता आंदोलन की नींव को और मजबूत किया। जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय अधिकारों की रक्षा का उनका संदेश आज भी राष्ट्रसेवा और अधिकारों के प्रति जागरूकता की प्रेरणा देता है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश जनजातीय संस्कृति और गौरव का प्रमुख केंद्र है और देश में सबसे अधिक जनजातीय आबादी वाला राज्य है। यहां भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ने और जनजातीय भाइयों-बहनों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का संकल्प है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक शुरुआत की थी। इस निर्णय का साक्षी और ध्वजवाहक बनने का सौभाग्य मध्यप्रदेश को मिला। राज्य सरकार का मानना है कि जनजातीय समाज के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के बिना प्रदेश का संपूर्ण विकास संभव नहीं है।

 

इसी उद्देश्य से राज्य में पेसा कानून लागू किया गया है, जिससे जनजातीय समाज को जल, जंगल और जमीन से जुड़े निर्णयों में आत्मनिर्भरता और अधिकार मिले हैं। अब ग्राम सभाएं अपने संसाधनों का प्रबंधन स्वयं कर रही हैं। जनजातीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की श्रृंखला विकसित की जा रही है।

 

स्वास्थ्य के क्षेत्र में सिकल सेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाकर लाखों जनजातीय भाई-बहनों की जांच और उपचार किया गया है। वहीं, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना और टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के माध्यम से जनजातीय युवाओं को आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण देकर स्वावलंबी बनाया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि टंट्या भील, भीमा नायक, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह और रानी दुर्गावती जैसे जनजातीय नायकों के बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्मारकों और संग्रहालयों का निर्माण कर सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण किया जा रहा है। भगवान बिरसा मुंडा के समृद्ध, आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी समाज के सपने को साकार करना ही सरकार का परम उद्देश्य है।

 

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने संकल्प लेने का आह्वान किया कि सभी मिलकर जनजातीय समाज के गौरव, सांस्कृतिक विरासत और अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

Kolar News 14 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.