Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश की पारंपरिक हस्तशिल्प कला बाग प्रिंट अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रही है। वियतनाम की राजधानी हनोई में 13 से 16 नवंबर तक आयोजित ग्लोबल क्राफ्ट फेस्टिवल में मध्यप्रदेश के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त मास्टर शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री और डॉ. मोहम्मद आरिफ खत्री भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
40 से अधिक देशों के शिल्पकारों, कला विशेषज्ञों, उद्योगपतियों और प्रतिनिधियों की सहभागिता वाले इस आयोजन में खत्री बंधुओं की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी के माध्यम से वे बाग प्रिंट के समृद्ध इतिहास, पारंपरिक ठप्पा छपाई की तकनीक और प्राकृतिक रंगों के उपयोग की जानकारी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को दे रहे हैं। शुद्ध लोहे की भस्म, वनस्पतियों और जड़ी-बूटियों से तैयार प्राकृतिक रंगों तथा सागवान की लकड़ी के पारंपरिक ठप्पों से निर्मित इस कला की बारीकियां विदेशी कला प्रेमियों को विशेष रूप से आकर्षित कर रही हैं।
फेस्टिवल के लिए खत्री बंधुओं ने विशेष शोध और तैयारी के साथ अंतरराष्ट्रीय खरीदारों एवं वियतनाम के स्थानीय लोगों की रुचि के अनुरूप उत्पाद तैयार किए हैं। इनमें प्राकृतिक रंगों से निर्मित मलबरी सिल्क, टसर सिल्क और कॉटन के दुपट्टे, स्कार्फ, स्टोल तथा कलात्मक होम फर्निशिंग उत्पाद शामिल हैं। उत्पादों की डिजाइन, गुणवत्ता और पारंपरिक शिल्प कौशल को स्थानीय नागरिकों, खरीदारों एवं फैशन विशेषज्ञों द्वारा सराहा जा रहा है।
हनोई आयोजन के बाद खत्री बंधु 24 और 25 नवंबर को सिंगापुर की एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में बाग प्रिंट पर दो दिवसीय विशेष कार्यशाला, मास्टरक्लास एवं लाइव डेमोंस्ट्रेशन में सहभागिता करेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों, प्रोफेसरों और फैशन डिजाइनरों को पारंपरिक ठप्पा छपाई, प्राकृतिक रंगों के निर्माण और बाग प्रिंट की पर्यावरण अनुकूल तकनीकों से परिचित कराया जाएगा। इसके बाद वे मलेशिया के अध्ययन एवं प्रचार दौरे पर जाएंगे, जहां विभिन्न हस्तशिल्प संगठनों, अंतरराष्ट्रीय फैशन ब्रांड्स और कला प्रेमियों के साथ संवाद प्रस्तावित है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |