Advertisement
रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने शुक्रवार को तीन अलग-अलग बैठकें लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बस्तर संभाग में आरआरपी और आरसीपीएलडब्ल्यूईए के तहत निर्माणाधीन सड़कों और पुलों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बंसल ने ठेकेदारों से बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित करते हुए सभी कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कार्यों में प्रगति नहीं लाने वाले और हीला-हवाला करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई करते हुए उनके पंजीयन निरस्त करने के निर्देश दिए।
*ब्लैक-स्पॉट्स तत्परता से दूर करने के निर्देश*
सचिव ने सड़कों पर ब्लैक-स्पॉट्स को दूर करने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आरटीओ और एसपी कार्यालयों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने और सड़कों पर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। सीआईआरएफ और नाबार्ड से सहायता प्राप्त परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
*विद्युत एवं यांत्रिकी कार्यों में गुणवत्ता और मितव्ययता पर जोर*
पीडब्ल्यूडी मुख्यालय निर्माण भवन में विद्युत एवं यांत्रिकी परिक्षेत्र के कार्यों की समीक्षा करते हुए बंसल ने सभी निर्माण कार्यों में अच्छी गुणवत्ता की सामग्री और अप्लाइंसेस उपयोग करने को कहा। उन्होंने उपकरणों, भवनों और परिसंपत्तियों का किफायती रखरखाव सुनिश्चित करते हुए मितव्ययता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 तक के सभी बिलों का भुगतान दिसंबर तक सुनिश्चित करने और सभी लंबित भुगतानों की जानकारी एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने को कहा।
*नए कार्यों के कार्यादेश जल्द जारी करें*
बंसल ने सभी मुख्य अभियंताओं की बैठक लेकर भवनों, सड़कों और पुलों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नए कार्यों की निविदा प्रगति की जानकारी ली और जिन कार्यों की निविदा स्वीकृत हो गई है, उनके कार्यादेश चयनित ठेकेदारों एवं एजेंसियों को जल्द जारी करने को कहा।
उन्होंने भू-अर्जन, वन-व्यपवर्तन और मुआवजा प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को जून-2027 से पहले मरम्मत किए जा सकने वाली सड़कों की सूची बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय और उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित सभी मुख्य अभियंता उपस्थित रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |