Advertisement
मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की लागत के 77 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 24 कार्यों का लोकार्पण और 397 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गांवों की खुशहाली, किसानों की समृद्धि और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना राज्य सरकार का प्रमुख संकल्प है। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसी भी क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब वहां के गांव मजबूत हों, किसानों को बेहतर संसाधन मिलें, युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ें तथा आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं सहजता से उपलब्ध हों।
*सड़क, सिंचाई और पेयजल सुविधाओं का होगा विस्तार*
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंगेली जिले में अधोसंरचना विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम में करीब 143 करोड़ रुपये की लागत के 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा तथा किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी।
अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत 203 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया गया है। इससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इसके साथ ही जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिससे सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को कृषि उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
*कंतेली में महाविद्यालय भवन और पंचायत भवन की घोषणा*
मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन एवं पंचायत भवन के निर्माण, ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका के निर्माण तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि कंतेली में महाविद्यालय भवन के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण अंचलों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
*15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन्हें मिलाकर लगभग 3100 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुगम और किसान हितैषी बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं, ताकि किसानों को उपज बेचने में परेशानी न हो और उन्हें निर्धारित समय पर भुगतान प्राप्त हो सके।
*किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये आदान सहायता*
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इस सहायता राशि का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को धान की निर्धारित पूरी मात्रा का विक्रय करना अनिवार्य नहीं होगा।
यदि कोई किसान निर्धारित मात्रा से कम धान का विक्रय करता है, तब भी उसे सत्यापित रकबे के आधार पर निर्धारित पात्रता के अनुसार आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। सरकार की मंशा है कि किसानों को खेती के लिए आर्थिक संबल मिले और वे अपनी परिस्थितियों के अनुसार कृषि संबंधी निर्णय ले सकें।
*महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल*
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 33 किस्तों में 21 हजार 340 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है। यह योजना महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, आत्मविश्वास और परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
*श्रीरामलला दर्शन योजना से पूरी हो रही वरिष्ठजनों की आस्था*
मुख्यमंत्री ने श्रीरामलला दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के श्रद्धालुओं, विशेषकर वरिष्ठजनों को अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कराने का अवसर उपलब्ध करा रही है। भगवान श्रीराम से छत्तीसगढ़ का गहरा सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध है। माता कौशल्या की यह पावन धरती भगवान श्रीराम का ननिहाल है।
*मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से समस्याओं का समाधान*
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ है कि आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिले और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें इस नंबर पर दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है।
*डिजिटल सेवाओं से ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा*
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार डिजिटल तकनीक के माध्यम से नागरिक सेवाओं को अधिक सरल और सुलभ बना रही है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक घर बैठे विभिन्न प्रमाण पत्र एवं शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
*प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से बिजली उपभोक्ताओं को राहत*
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना की जानकारी देते हुए कहा कि योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने के लिए सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिल सकती है और सौर ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम को केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |