Video

Advertisement


प्रदेश में मेडिकल शिक्षा का होगा विस्तार, दो साल में होंगी 18050 एमबीबीएस सीटें
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में चिकित्सा महाविद्यालयों और एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए तेजी से कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सभी संभावनाओं का परीक्षण करते हुए समयबद्ध तरीके से काम किया जाए, ताकि प्रदेश के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिल सकें।

 

मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में चिकित्सा महाविद्यालयों के निर्माण, संचालन और एमबीबीएस सीटों की उपलब्धता को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

 

मुख्यमंत्री ने पीपीपी मॉडल के अंतर्गत बनने वाले बैतूल, कटनी, धार और पन्ना के चिकित्सा महाविद्यालयों के निर्माण कार्य की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारों चिकित्सा महाविद्यालयों का संचालन निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।

 

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि मुरैना, गुना, भिंड, टीकमगढ़, अशोकनगर, बालाघाट, सीधी, खरगोन, शाजापुर, रायसेन और झाबुआ में पीपीपी मॉडल के अंतर्गत स्थापित होने वाले सभी 11 चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए नवीन निविदाएं तत्काल जारी की जाएं।

 

बैठक में बताया गया कि वर्तमान में प्रदेश में 20 शासकीय और 14 निजी चिकित्सा महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें कुल 6050 एमबीबीएस सीटें उपलब्ध हैं। आगामी दो वर्षों में छह नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय क्रमशः छतरपुर, दमोह, बुधनी, उज्जैन, राजगढ़ और मंडला में संचालित होंगे। इनमें छतरपुर, दमोह और बुधनी के भवन निर्माण पूर्ण हो चुके हैं, जबकि उज्जैन, राजगढ़ और मंडला में निर्माण कार्य प्रगति पर है।

 

बैठक में बताया गया कि बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में पीपीपी मॉडल पर चिकित्सा महाविद्यालय संचालन के लिए अनुबंध निष्पादित किया जा चुका है। इसके अलावा मुरैना, गुना, भिंड, टीकमगढ़, अशोकनगर, बालाघाट, सीधी, खरगोन, शाजापुर, रायसेन और झाबुआ सहित कुल 11 जिलों में पीपीपी मॉडल के तहत चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित किए जाएंगे। एक नवीन निजी चिकित्सा महाविद्यालय सहित कुल 22 चिकित्सा महाविद्यालय आगामी दो वर्षों में संचालित होंगे।

 

इन 22 चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना और पूर्व से संचालित महाविद्यालयों में सीट वृद्धि से कुल 12000 एमबीबीएस सीटें उपलब्ध होंगी। इसके परिणामस्वरूप आगामी दो वर्षों में प्रदेश में 56 मेडिकल कॉलेज और 18050 एमबीबीएस सीटें उपलब्ध होंगी।

Kolar News 13 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.