Advertisement
ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खेती-किसानी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। किसानों को खेती के साथ-साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी आगे बढ़ाना चाहिए। इसी से किसानों के खेत-खलिहान और घरों में समृद्धि आएगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में आयोजित विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को समृद्ध बनाने के लिए सरकार उन्नत पशुधन के पालन-पोषण पर विशेष ध्यान दे रही है। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए हर साल एक लाख बछिया तैयार की जाएंगी और इन्हें किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा और हर किसान के घर में समृद्धि आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी वृंदावन ग्रामों में दुधारू पशुपालकों की स्वस्थ प्रतियोगिता कराई गई और श्रेष्ठ पशुपालकों को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल, स्कूटी सहित नकद पुरस्कार दिए गए। प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित कराए गए। सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में ढाई करोड़ से अधिक पशुधन हैं। इनमें एक करोड़ से अधिक गौमाता हैं और शेष भैंसवंशी नस्ल के पशु हैं। इतने विशाल पशुधन के कारण प्रदेश जल्द ही दुग्ध उत्पादन के मामले में देश में अव्वल स्थान पर आएगा। वर्तमान में मध्यप्रदेश 9 प्रतिशत दुग्ध उत्पादन के साथ देश में तीसरे स्थान पर है। प्रदेश को मिल्क कैपिटल बनाना सरकार का संकल्प है।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के 7 हजार से अधिक श्रमिकों के खातों में 175 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की। साथ ही सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन पेंशन योजना के अंतर्गत 34.58 लाख से अधिक हितग्राहियों को 207.48 करोड़ रुपये की पेंशन राशि सिंगल क्लिक से भेजी गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुलैथ में आयोजित बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता का भी आनंद लिया।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर कुलैथ के जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा निहिथपुर से महेश्वरा तक एक किलोमीटर पक्की सड़क बनाने, लंका वाले हनुमान मंदिर तक पक्की रोड बनाने, एक अन्य मार्ग का निर्माण करने और गांव में सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व पर उन्नत दुधारू पशुओं से ही किसान के घर महालक्ष्मी की कृपा होती है। पशुपालन, बकरी पालन और कुक्कुट पालन से किसानों के जीवन में समृद्धि आती है। राज्य सरकार बिजली, पानी, सड़कों के साथ जरूरी सुविधाओं को बढ़ा रही है। किसान कल्याण वर्ष में सरकार अन्नदाता को हर प्रकार से आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को उन्नत नस्ल के पशुधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ग्वालियर में आयोजित पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेले में अच्छी नस्ल की गाय-भैंसों की जानकारी दी जा रही है। सभी विकासखंडों के वृंदावन ग्रामों में गोवर्धन पूजा के अवसर पर उत्कृष्ट पशुओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और विजेता पशुपालकों को पुरस्कार प्रदान किए गए। टेकनपुर के पशुपालक रामवीर सिंह को गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना में प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये मिले। उनकी गाय प्रतिदिन 14 लीटर दूध देती है। प्रदेश के सभी 55 जिलों में भव्य बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीज से लेकर खेत तक और खेत से लेकर निर्यात तक सभी प्रकार की व्यवस्थाओं को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। गौवंश की नस्ल सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश को एक लाख उन्नत नस्ल की बछिया उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। ये बछिया किसानों को दी जाएंगी, जिससे दूध उत्पादन बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि गुजरात में मध्यप्रदेश से कम पशुधन है, लेकिन वहां दूध उत्पादन मध्यप्रदेश के मुकाबले अधिक है। राज्य में बड़ी गौशालाएं खोली जा रही हैं। उज्जैन, इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में 10 हजार क्षमता की गौशालाएं तैयार की गई हैं। गौपालन के साथ प्राकृतिक और जैविक खेती को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में स्थित संपत्तियों की निःशुल्क रजिस्ट्री के लिए मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना की शुरुआत की है। इसके अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को संपत्ति का पक्का अधिकार दिलाया जाएगा। प्रदेश में 50 लाख निःशुल्क रजिस्ट्री कराने का संकल्प लिया गया है। इससे गांव में रहने वाले पट्टाधारी संपत्ति के स्वामी अपनी जरूरत के लिए बैंक से ऋण ले सकेंगे। इस योजना से प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
हालिया स्वच्छता सर्वेक्षण में पुरस्कार मिलने पर मुख्यमंत्री ने ग्वालियर शहर के नागरिकों को बधाई दी। इस सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश के ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, देवास, जबलपुर, रीवा, सागर, बुधनी और देपालपुर सहित कुल 9 शहरों को स्वच्छता पुरस्कार मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर में आधुनिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हो रहा है। यहां 619 फूड प्रोसेसिंग यूनिट संचालित हो रही हैं। ग्वालियर जिले में पोटैटो टिश्यू कल्चर हो रहा है और 25 हजार से अधिक किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं। यहां 70 हजार पशुपालक 4 लाख से अधिक पशुधन की सेवा कर रहे हैं और 605 मीट्रिक टन दूध उत्पादन हो रहा है। धान, ज्वार, बाजरा और तिल की खेती भी किसान कर रहे हैं। ग्वालियर अब सिर्फ गजक ही नहीं, आलू और मिलेट्स उत्पादन में भी पहचान बना रहा है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |