Advertisement
भोपाल, 12 नवंबर 2026: मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा और मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याएं, स्थानीय मुद्दे और संगठन से जुड़े सुझाव मंत्रियों के समक्ष रखे।
मंत्रियों ने सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और कई प्रकरणों पर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिन मामलों में विभागीय कार्रवाई जरूरी थी, उन प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर करण सिंह वर्मा और नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कार्यकर्ताओं के माध्यम से मिलने वाली जनसमस्याओं का गंभीरतापूर्वक परीक्षण किया जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए मुद्दे जमीनी हकीकत को दर्शाते हैं, इसलिए उनके सुझावों को नीतिगत निर्णयों और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में भी शामिल किया जाएगा।
मंत्रियों ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान और उन्हें शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में संगठन भी कार्यकर्ताओं की समस्याओं के निराकरण और जनसेवा को अपने केंद्र में रखकर कार्य कर रहा है। सरकार और संगठन के समन्वय से ही योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि इस तरह के संवाद से न केवल उनकी समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में भी मदद मिलेगी। मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं और जरूरतमंद लोगों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |