Video

Advertisement


प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, छत्तीसगढ़ के 24.60 लाख से अधिक किसानों के खातों में पहुंचे 498.50 करोड़ रुपये,
किसान सम्मान निधि

रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 24वीं किस्त जारी होने से छत्तीसगढ़ के अन्नदाताओं के चेहरों पर खुशी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर के किसानों के लिए किस्त जारी किए जाने के साथ ही छत्तीसगढ़ के 24 लाख 60 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 498 करोड़ 50 लाख रुपये की सहायता राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे अंतरित की गई है।

प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इस किसान हितैषी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है और इसे किसान कल्याण को प्राथमिकता देने वाला निर्णय बताया है।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने की देश की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है। इस योजना के माध्यम से किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी रोजमर्रा की आवश्यकताओं, बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि निवेशों की पूर्ति के लिए नियमित और समयबद्ध आर्थिक सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि डीबीटी प्रणाली से सहायता राशि बिना किसी बिचौलिए के सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंच रही है, जिससे योजना के क्रियान्वयन में पूरी पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हुई है। बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने से किसानों का केंद्र सरकार पर भरोसा और मजबूत हुआ है।

श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने, कृषि क्षेत्र को आधुनिक और सशक्त बनाने तथा अन्नदाताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में निरंतर ऐतिहासिक प्रयास कर रही है। पीएम किसान सम्मान निधि इसी विजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है, ताकि बोआई से लेकर कटाई तक हर चरण में उन्हें आर्थिक मदद मिल सके।

वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है, जहां 80 प्रतिशत से अधिक आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि पर निर्भर है। ऐसे में यहां के लाखों लघु और सीमांत किसान परिवारों के लिए यह सहायता राशि बेहद उपयोगी साबित हो रही है। समय पर मिलने वाली इस राशि से किसानों को साहूकारों से कर्ज लेने की मजबूरी से राहत मिलती है और वे सम्मान के साथ खेती कर पाते हैं।

उन्होंने कहा कि किसान कल्याण ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती, खाद्य सुरक्षा और राष्ट्र की समृद्धि का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। छत्तीसगढ़ के लाखों अन्नदाताओं को यह आर्थिक संबल प्रदान करने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति पुनः आभार व्यक्त किया।

Kolar News 31 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.