Advertisement
भोपाल, 31 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज भोपाल स्थित निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधी, सिंगरौली और डिंडोरी जिलों में पदस्थ बॉन्डेड डॉक्टर्स से संवाद किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थापना चिकित्सकों के लिए पीड़ित मानवता की सेवा करने के साथ भारत के ग्रामीण परिवेश की स्वास्थ्य चुनौतियों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है। चिकित्सक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देकर नागरिकों का विश्वास अर्जित करें। इसके लिए आशा, एएनएम और सीएचओ सहित मैदानी अमले से निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखें।
उप मुख्यमंत्री ने टीबी मुक्त भारत अभियान, राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन, एनीमिया मुक्त भारत सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के लिए नियमित स्क्रीनिंग, समय पर जांच, उपचार और जन जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए उन्होंने प्रत्येक गर्भवती महिला की शत प्रतिशत प्रसवपूर्व जांच सुनिश्चित करने को कहा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 और 25 तारीख को गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क जांच की सुविधा दी जाती है, इसकी व्यापक जागरूकता बढ़ाई जाए। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की शत प्रतिशत पहचान कर उन्हें समय पर आवश्यक चिकित्सा संस्थानों में पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों में स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की प्रवृत्ति विकसित करना आवश्यक है। जब लोगों को समय पर अच्छी सेवाएं मिलेंगी तो व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ेगा।
स्वास्थ्य जांच के हब एंड स्पोक मॉडल को प्रभावी बनाने और विशेषज्ञ सेवाओं के लिए टेलीमेडिसिन और ई-संजीवनी का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मन की बात में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की उपयोगिता को रेखांकित किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि टेलीमेडिसिन दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
संवाद में बताया गया कि सीधी में 16, सिंगरौली में 54 और डिंडोरी में 21 नए बॉन्डेड डॉक्टर्स पदस्थ किए गए हैं। सीधी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनजारी में पदस्थ डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि उनके पदस्थ होने के बाद ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। पीएचसी बरखरा के डॉ. आदित्य गौतम, डिंडोरी के जामगांव पीएचसी की डॉ. शीतल बामनके, सिंगरौली के गन्नई पीएचसी के डॉ. नितिश कुमार गुप्ता और कोरसर पीएचसी के डॉ. सुभाष सिंह चंदेल ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि ग्रामीणों में स्वास्थ्य केंद्रों के प्रति विश्वास बढ़ रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित साफ सफाई, आवश्यक स्टाफ और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। बॉन्डेड डॉक्टर्स को अनुकूल कार्य वातावरण दिया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण जन चिकित्सक को कलयुग का भगवान मानते हैं, लेकिन वास्तव में वही चिकित्सक इस सम्मान के पात्र हैं जो मरीजों को सर्वोपरि मानकर सेवा करते हैं। चिकित्सक का व्यवहार, संवेदनशीलता और मधुर वाणी मरीज के आधे कष्ट को दूर कर देती है। सेवा भाव और सम्मानपूर्ण व्यवहार अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने सुमन पंचायत कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायतों को प्रेरित करने के भी निर्देश दिए।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर सीधी विकास मिश्रा, कलेक्टर डिंडोरी अंजू पवन भदौरिया सहित तीनों जिलों के सीएमएचओ और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |