Video

Advertisement


केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशी बाई का निधन, पैतृक गांव जैत में हुआ अंतिम संस्कार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जताया शोक
shivraj singh chauhan

भोपाल, 30 अक्टूबर 2026। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशी बाई का आज प्रातः भोपाल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे विगत दिनों से अस्वस्थ थीं और एम्स भोपाल में उनका इलाज चल रहा था। आज अपरान्ह उनके पैतृक गांव जैत जिला सीहोर में विधि विधान और वैदिक परंपराओं के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

 

प्रातः काशी बाई का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए भोपाल में उनके साकेत नगर स्थित निवास पर रखा गया था, जहां समाज के विभिन्न वर्गों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके बाद पार्थिव देह को गृहग्राम जैत ले जाया गया।

 

जैत में आयोजित अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित मंत्रिमंडल के कई मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धासुमन अर्पित कर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

 

अंतिम विदाई के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने माताजी की पावन स्मृति में जैत में पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज गृह ग्राम जैत में पूज्य माताजी काशी बाई की स्मृति में पौधरोपण किया। मां का स्नेह और ममता जीवनभर शीतल छाया की तरह साथ रहती है। मन में यही प्रार्थना है कि उनका आशीर्वाद सदैव बना रहे और ये पौधे बड़े होकर अपनी छाया में पक्षियों, कीट पतंगों और दूसरे जीव जंतुओं को आश्रय दें। इनसे मिलने वाली ऑक्सीजन पर्यावरण को भी स्वच्छ और सुंदर बनाए। इन पेड़ों के साथ मां की स्मृतियां भी सदा हरी भरी रहेंगी।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने शिवराज सिंह चौहान को पत्र भेजकर कहा कि इस दुखद सूचना से मन को बहुत पीड़ा पहुंची है। इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह जीवन की सबसे बड़ी शक्ति और उनका आशीर्वाद सबसे अनमोल धरोहर होती है। मां की ममता जीवन के हर पड़ाव पर संबल बनी रहती है। मां का बिछड़ जाना हृदय में ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है जिसे कोई भर नहीं सकता। आज माताजी सशरीर साथ नहीं हैं, परंतु उनकी स्मृतियां और उनसे मिले संस्कार सदैव जीवन को आलोकित करते रहेंगे। ईश्वर शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने का धैर्य प्रदान करें।

Kolar News 30 October 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.